कमलापुर। कमलापुर में शनिवार को बरगदिया गांव के पास तेज रफ्तार मैजिक डाला ने पैदल जा रही महिला को पीछे से जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित मैजिक डाला कुछ दूरी पर जाकर पलट गया। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस वाहन को जब्त कर चालक की तलाश में जुटी है। सीओ वेदप्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
कमलापुर के ग्राम पंचायत जगदीशपुर के मजरा बरगदिया आशिया (40) शनिवार को अपने निजी कार्य से बरगदिया गांव से दहावा की ओर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान कम्हरिया की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे मैजिक डाला ने उन्हें पीछे से ठोकर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि आशिया गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं और सिर पर चोट लगने की वजह से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और मैजिक डाला कुछ कदम आगे जाकर पलट गया। दुर्घटनाग्रस्त मैजिक डाला को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मृतका के परिवार में पति अजमत अली के अलावा चार पुत्र हारून (22), सामून (20), फारुख (18), शाहरुख (14) तथा एक 18 वर्षीय पुत्री हैं। मां की अचानक मौत से बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।