घायल युवती को एंबुलेंस से ले जाते परिजन। संवाद
कमलापुर। दरियापुर गांव के बाहर रविवार शाम एक युवती को युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर गोली मार दी। युवती को गंभीर हालत में ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। शुरुआती छानबीन में पता चला कि आराेपी युवक काफी समय से युवती को परेशान कर रहा था। वह युवती पर अपने साथ रहने का दबाव बना रहा था। परेशान युवती ने रविवार सुबह ही पुलिस से शिकायत की थी। इसके बाद शाम को आरोपी ने उसे गोली मार दी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मानपुर के एक गांव निवासी 20 साल की युवती रविवार सुबह दरियापुर गांव में अपनी बुआ के घर गई थी। शाम को युवती अपनी बुआ के साथ गांव के बाहर जा रही थी। गांव से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर एक युवक ने युवती पर फायर कर दिया। गोली युवती के हाथ पर लगी और वह मौके पर ही गिर गई। घटना से अफरातफरी मच गई। आरोपी युवक अपने साथी के साथ मौके से भाग निकला। घायल युवती को सिधौली सीएचसी पहुंचाया गया। सीओ ने सीएचसी पहुंचकर युवती के बयान दर्ज किए। इसके बाद युवती को लखनऊ रेफर कर दिया गया।
काफी समय से परेशान कर रहा था आरोपी
युवती की दादी ने बताया कि गांव के ही एक युवक ने वारदात काे अंजाम दिया है। वह काफी समय से उनकी पौत्री को परेशान कर रहा था। वह उनकी पौत्री पर अपने साथ रहने के लिए दबाव बना रहा था। युवती उसे पसंद नहीं करती थी। रविवार को ही पुलिस से युवक की शिकायत की गई थी। आरोपी युवक अपराधी प्रवृत्ति का है।
लगाई गई है चार टीमें
मानपुर की युवती कमलापुर में रिश्तेदार के घर गई थी। उसी दौरान एक युवक ने युवती पर फायर कर दिया। युवती ने बताया है कि दो युवक आए थे। एक ने उस पर फायर किया। दोनों आरोपी उसके गांव के ही रहने वाले हैं। एक युवक से युवती से बातचीत भी होती थी। किसी बात को लेकर मनमुटाव हो गया था। इसी बात को लेकर युवक ने गोली मारी है। चिकित्सक ने युवती की हालत ठीक बताई है। बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर किया गया है। प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों को लगाया गया है। युवक के परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
एसपी अंकुर अग्रवाल