सीतापुर में किसान को दिखा तेंदुआ।
इमलिया सुल्तानपुर (सीतापुर)। इलाके में चहलकदमी कर रहे तेंदुए का बुधवार देर शाम एक किसान से आमना-सामना हो गया। किसान ने अपने मोबाइल से तेंदुए का वीडियो भी बनाया है। तेंदुआ दिखाई देने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। उधर, वन विभाग की टीम को कॉम्बिंग में तेंदुए का कोई सुराग नहीं मिल सका। ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। थानाक्षेत्र में बुधवार देर शाम सरायन नदी के किनारे अपने खेत से ट्रैक्टर से घर लौट रहे रोजहा निवासी किसान गोलू ने लाइट में देखा कि कोई जंगली जानवर झाड़ी में है। जब ट्रैक्टर की सीधी लाइट उस पर पड़ी तो वहां तेंदुआ दिखा। गोलू के साथी ने मोबाइल से वीडियो व फोटो बना ली। गोलू के मुताबिक लाइट व ट्रैक्टर की आवाज से तेंदुआ गन्ने के खेत में घुस गया। गांव पहुंचकर वन विभाग को सूचना दी गई। वन विभाग की टीम ने रात में ही मौके पर पहुंचकर कॉम्बिंग की, लेकिन तेंदुए का कोई सुराग नहीं मिला। बृहस्पतिवार को टीम ने दोबारा कॉम्बिंग की। ग्रामीणों की ओर से बताए गए स्थान पर पगचिह्नों की जांच की गई। वन विभाग हरगांव की रेंजर बीनू पाल ने बताया कि फोटो व वीडियो रात के समय का होने से जंगली जानवर की प्रजाति स्पष्ट नहीं हो पा रही है। गन्ने का क्षेत्रफल अधिक है, जिससे कॉम्बिंग में दिक्कत आ रही है। पगचिह्नों के आधार पर स्टडी की जा रही है।