हरगांव/सीतापुर। जिले के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव के सामने बुधवार रात एक तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार लखीमपुर खीरी जिले के निवासी युवक की मौत हो गई। घटना को लेकर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
लखीमपुर खीरी जिले के नीमगांव थाना क्षेत्र के भिलाई गांव निवासी रमेश सिंह (35) पुत्र राम बख्श सिंह सीतापुर से घर वापस जा रहा था। बुधवार रात जब वह इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव के सामने पहुंचा तभी वाहन ने उसे टक्कर मार दी और भाग निकला। हादसे के बाद रमेश जख्मी होकर वहीं पड़ा रहा। भोर में ग्रामीणों ने उसे पड़ा देखा तो एंबुलेंस बुलाई।
एंबुलेंस ने उसे हरगांव सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद चिकित्सकों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मृतक के परिवार वालों को भी बुला लिया गया है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।