मिश्रिख (सीतापुर)। कस्बे के रेलवे स्टेशन पर मिशन शक्ति टीम की तत्परता से बुधवार को एक युवती की जान बच गई। टीम ने ट्रेन के आगे कूदने जा रही युवती को समय रहते पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार मिशन शक्ति टीम की दरोगा स्वर्णिमा सिंह अपनी टीम के साथ कस्बे में महिलाओं व युवतियों को जागरूक करने के उद्देश्य से अस्पताल चौराहा होते हुए रेलवे स्टेशन पहुंची थीं।
वहां एक युवती परेशान हालत में खड़ी दिखी। इसी दौरान ट्रेन आते देख युवती अचानक जान देने की नीयत से पटरी पर कूद पड़ी। दरोगा स्वर्णिमा सिंह व टीम ने तुरंत दौड़कर युवती को पीछे से पकड़ लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पूछताछ में युवती ने बताया कि वह हरदोई के अतरौली थाना क्षेत्र के गोविंदखेड़ा की रहने वाली सरस्वती है। घर में विवाद के चलते वह आत्महत्या करने आई थी। सूचना पर परिजन कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने परिजनों व युवती को समझाया।