मास्टरबाग (सीतापुर)। सहकारी समिति पर ई रिक्शे में खाद लोड करते समय एक किसान अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। एंबुलेंस की मदद से उसे सीएचसी कसमंडा में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक हार्ट अटैक से मौत होने का अंदेशा जता रहे हैं।
बिसवां के बख्तावरपुर मजरा भोइलाकलां निवासी शिवराम (71) रविवार को कसमंडा विकासखंड की समिति न्यूराजपुर में खाद लेने गए थे। शिवराम ने चार बोरी खाद ली। ई रिक्शे में वह खाद की बोरियां लाद रहे थे। इस दौरान अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। समिति पर मौजूद किसानों ने एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी कसमंडा भिजवा, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शिवराम के पास 10 बीघा जमीन है। खाद की जरूरत पड़ने पर वह रविवार सुबह समिति आए थे।
घटना के बाद बंद करा दिया गया वितरण
समितियों पर इस समय यूरिया की किल्लत चल रही है। न्यूराजपुर में रविवार को करीब 400 किसान खाद वितरण के लिए इंतजार कर रहे थे। सचिव रामचंद ने बताया कि करीब 250 किसानों को खाद बांटी जा चुकी थी। इस घटना के बाद खाद का वितरण बंद करवा दिया गया। सोमवार को फिर से खाद बांटी जाएगी। समिति से क्षेत्र के करीब 1100 किसान जुड़े हुए हैं।