सीतापुर (ब्यूरो)। अलग-अलग स्थानों पर हुई मारपीट की घटनाओं में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों ने संबंधित कोतवाली व थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने घायलों को इलाज व डाक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पकरिया धापूपुर निवासी प्रमोद शर्मा (42) का गांव के ही कल्लू से जमीनी कब्जे को लेकर विवाद हो गया। कल्लू पक्ष से कई अन्य लोग लाठी-डंडों समेत मौके पर पहुंचे और प्रमोद शर्मा पर ताबड़तोड़ लाठियां भांजने लगे। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने हस्तक्षेप करके विवाद शांत कराया। तब तक प्रमोद शर्मा गंभीर रूप से घायल हो चुका था। घायल गांव के कल्लू, गुरगुच्चू व मोहन शर्मा के खिलाफ शहर कोतवाली में तहरीर दी है। रामकोट थाना क्षेत्र के ग्राम अर्थाना निवासी बब्बू (25) पर गांव के ही कन्हैया लाल, देवी सहाय आदि ने लाठी व धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में बब्बू घायल हो गया। घायल ने कन्हैया लाल, देवी सहाय आदि के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। वहीं कन्हैया लाल पक्ष का कहना है कि उसके पक्ष के दो लोग चोटिल हुए हैं।