मास्टरबाग(सीतापुर)। लखनऊ निवासी एक बालक सीतारसोई क्षेत्र में भटकता हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने बालक के घर वालों को सूचित किया। लखनऊ जा रहे इस बालक को बस के परिचालक ने गलती से मास्टरबाग में उतार दिया था।
पुलिस के मुताबिक लखनऊ निवासी नन्हू (9) पुत्र जोद्धी बिसवां में अपने ननिहाल आया था। यहां से उसके मामा ने 23 अक्तूबर को कैसरबाग डिपो की बस में उसे बैठा दिया था, लेकिन परिचालक ने गलती से बालक को मास्टरबाग में ही उतार दिया। अनजान जगह होने के कारण बालक यहां भटक रहा था। बालक के मुताबिक उसे लखनऊ में उतरना था लेकिन परिचालक ने उसे यहीं उतर जाने को कहा था। उसे भटकता देख ग्रामीणों ने उससे पूछताछ की और सीतारसोई निवासी जवाहर लाल के सुपुर्द कर दिया। पुलिस का कहना है कि बालक के घरवालों को खबर दे दी गई है।