लहरपुर (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र में उचक्कों ने दिनदहाड़े एक मोबाइल व्यापारी की दुकान में घुसकर सूटकेस पार कर दिया। सूटकेस में मोबाइल व रिचार्ज कूपन रखे थे। जिनकी कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना के वक्त पीड़ित व्यापारी वहां मौजूद नहीं था। उसकी तहरीर पर पुलिस पड़ताल में जुटी है।
कस्बे के मोहल्ला ठठेरी टोला निवासी कृष्ण स्वरूप मेहरोत्रा की बेहटी बाजार में मोबाइल शॉप है। बुधवार सुबह उनकी दुकान पर कुछ मित्र मिलने आ गए। उनके आने पर वह मित्रों के साथ कुछ देर के लिए दुकान छोड़कर बाजार में चले गए। इसी बीच दुकान को खाली पाते ही उचक्के दुकान में घुस गए और वहां पर रखा सूटकेस लेकर भाग निकले। थोड़ी देर बाद जब दुकान मालिक लौटा तो सूटकेस नदारद पाकर दंग रह गया। इस पर उसके होश उड़ गए। उसने करीब के दुकानदारों से पूछा, लेकिन कोई कुछ भी नहीं बता सका।
व्यापारी ने बताया कि सूटकेस में एक मोबाइल व विभिन्न कंपनियों के रिचार्ज कूपन रखे थे। रिचार्ज कूपनों की कीमत 50 हजार रुपये के करीब है। जबकि मोबाइल की कीमत 10 हजार से भी अधिक है। पीड़ित व्यापारी ने लहरपुर कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले में जांच करने की बात कह रही है। भरी बाजार में दुकान से सूटकेस गायब होने की घटना से अन्य दुकानदार सकते में हैं।