लखनऊ। वाणिज्य कर विभाग के सचल दस्ते ने बृहस्पतिवार को लखनऊ और सीतापुर के बीच इटौंजा के निकट टैक्स चोरी की 70 किलो चांदी के गहने जब्त किए। लखनऊ के आठ कारोबारी इन गहनों की डिलीवरी स्कॉर्पियो से चोरी-छिपे सीतापुर के कस्बे की बाजारों के कारोबारियों को देने जा रहे थे। सचल दल ने कारोबारियों से टैक्स चोरी के रूप में छह लाख सात हजार रुपये का शुल्क जमा कराया है।
मुखबिर से सूचना मिलने के बाद उच्च अफसरों ने चांदी के गहने पकड़ने के लिए लखनऊ और सीतापुर के सचल दल को चेकिंग में लगाया। लेकिन गहने पकड़ने में सीतापुर के सचल दल को सफलता हासिल हुई। असिस्टेंट कमिश्नर अजय कुमार राय के मुताबिक, स्कॉर्पियो में ड्राइवर सहित आठ लोग सवार थे। जिन्होंने सचल दल को देखकर गाड़ी भगाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें दबोच लिया गया। लखनऊ के कारोबारी सोनू मल्होत्रा, अनूप, मुकेश एवं आरके सिंह ने पहचान पत्र देकर जब्त गहनों का जुर्माना चुकाकर उन्हें अवमुक्त कराया।