सीतापुर। तालगांव थाना क्षेत्र में एक महिला को उसके पति ने बांके से काट डाला। महिला का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने पति को शराब पीने से मना किया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना गुरुवार की है।
ग्राम घूरेपारा निवासी प्रेमचंद शराब का आदी था। गुरुवार सुबह वह शराब पीने के लिए पत्नी प्रेमा देवी से रुपये मांगने लगा। पत्नी ने विरोध किया और रुपये देने से मना कर दिया। इससे प्रेम चंद भड़क गया और पत्नी को पीटकर घर से भगा दिया। जिसके बाद वह कहीं से शराब ले आया और पीने लगा। पत्नी ने मना किया तो उसने बांके से पत्नी पर कई प्रहार कर दिए। चीख सुनकर गांव लोग मौके पर पहुंचे लेकिन किसी ने भी उसे रोकने की कोशिश नहीं की। पत्नी को बुरी तरह से जख्मी करने के बाद आरोपी पति वहां से फरार हो गया। उधर, गांव के लोगों ने सूचना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष केदारनाथ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल महिला को अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे। इसी बीच प्रेमा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के संबंध में प्रेमा के भाई तालगांव थाना क्षेत्र के ग्राम शरीफपुर निवासी उमेश कुमार ने बहनोई प्रेमचंद्र के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी प्रेमचंद को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल बांका बरामद कर लिया गया है।