सीतापुर (ब्यूरो)। बीएसए ने लगातार गैरहाजिर रहने पर रामपुर मथुरा व बिसवां के छह शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। बिसवां के बीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उनसे तीन दिन के अंदर जवाब मांगा गया है। रामपुर मथुरा विकास खंड के ग्रामीणों ने शिक्षकों के समय से स्कूल न आने की शिकायत की थी। इस पर बीएसए ने एमडीएम के जिला समन्वयक बृजमोहन सिंह को जांच करने के निर्देश दिए थे। एमडीएम के जिला समन्वयक ने पांच विद्यालयों का औचक मुआयना किया। प्राथमिक विद्यालय, सधुवापुर में प्रधानाध्यापक सती त्रिवेदी व अध्यापक अनिल रावत गैरहाजिर मिले। वहीं करीनपुर, प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षक शैलेंद्र सिंह व जैलुन अंसारी बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिले। जूनियर विद्यालय, गड़रिनपुरवा में कोई शिक्षक मौजूद नहीं था। बिसवां के प्राथमिक विद्यालय, करौदीपुर में शिक्षिका मधुबाला चौधरी लगातार एक साल से अनुपस्थित चल रहीं थीं, लेकिन विभाग से लगातार वेतन ले रही हैं। जांच आख्या के आधार पर बीएसए संजय शुक्ला ने छह अध्यापकों को निलंबित कर दिया। वहीं बिसवां खंड शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उनसे तीन दिन के अंदर जवाब देने को कहा गया है।