सीतापुर। अवैध बालू खनन के खिलाफ मंगलवार को जिला प्रशासन ने अभियान चलाया। इस अभियान में प्रशासनिक अफसरों ने छापेमारी की और कई वाहन भी सीज किए। वहीं छापेमारी की भनक लगते ही वाहन चालक बालू लदी ट्रॉलियों को लेकर मौके से भाग निकले।
जिले में अवैध बालू खनन को लेकर ‘अमर उजाला’ में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए जिला अधिकारी जेपी सिंह ने पूरे जिले में अभियान चलाने के निर्देश दिए। जिसके चलते प्रशासनिक व पुलिस टीमों ने काफी संख्या में बालू भरे ट्रकों व ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा। एसडीएम सदर महेंद्र बहादुर ने बताया कि मंगलवार को जिला मुख्यालय व हरगांव में अभियान चलाया गया। इस अभियान में पुलिस टीम भी शामिल थी। उनका कहना है कि हरगांव व जिला मुख्यालय सहित 10 वाहन पकड़े गए। उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा लहरपुर के एसडीएम बीएन यादव ने पुलिस टीम के साथ क्षेत्र के तंबौर मार्ग पर अभियान चला कर पांच वाहन पकड़े। इन वाहनों में बालू भरकर ले जाया जा रहा था। हालांकि अभियान के दौरान दो वाहन चालक ट्रॉली मौके पर ही छोड़ ट्रैक्टर लेकर भाग निकले। महमूदाबाद एसडीएम अजय कुमार सिंह ने बताया कि उनके क्षेत्र में अभियान चलाया गया था, लेकिन बालू खनन न होने से कोई भी वाहन नहीं पकड़ा गया। एसडीएम बिसवां सर्वेश कुमार गुप्ता ने अभियान को लेकर कहा कि एक ट्रक सकरन व एक सदरपुर में रोका गया है। अभियान चला कर कार्रवाई की गई है। मामलों में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। महोली व मिश्रिख में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।