जहांगीराबाद(सीतापुर)। मवेशी की पूंछ पकड़ कर किवानी नदी पार करते समय एक बुजुर्ग नदी में बह गया। ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हैं। समाचार लिखे जाने तक उसका पता नहीं चल सका था। पुलिस को सूचना दे दी गई है।
रेउसा इलाके के बढ़ईढ़ीह गांव निवासी रामलखन (60) पुत्र मुरली मंगलवार को गांव के बाहर मवेशी चराने के लिए किवानी नदी के किनारे गया था। बताते हैं कि वह तैर नहीं पाता था। जिसके चलते वह मवेशी की पूंछ पकड़ कर नदी पार कर रहा था। आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि जब वह बीच नदी में पहुंचा तो उसके हाथ से मवेशी की पूंछ छूट गई, जिससे वह नदी में बह गया। गांव के लोग जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे। नदी के किनारे उसकी चप्पल व डंडा पड़ा मिला है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक रामलखन का पता नहीं चल सका था। पुलिस को भी सूचना दे दी गई है।