खैराबाद (सीतापुर)। नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह एक लोडर और कार में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। जबकि उसके पति, बेटा-बेटी व पौत्र समेत छह लोग जख्मी हो गए। बताते हैं कि ये लोग लखनऊ में बेटे के लिए लड़की देखने जा रहे थे। घायलों को जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
उत्तराखंड प्रांत के देहरादून, वसंत विहार इंदिरा नगर निवासी मुन्नी देवी (60), अपने पति जयनरायण (65), पुत्री छाया (26) बेटे अर्जुन (35), पौत्र हर्षित (6) व कार चालक विकास के साथ रविवार सुबह अपने पुत्र कृष्ण कुमार के लिए लड़की देखने जा रही थीं। जब ये लोग सुबह करीब आठ बजे कार से खैराबाद इलाके में हाईवे पर पहुंचे तभी एक तेज रफ्तार लोडर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार मुन्नी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। कार सवार अन्य लोग जख्मी हो गए। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को फौरन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। घायलों की हालत अब सामान्य बताई जा रही है।