रामपुर मथुरा (सीतापुर)। खंभे पर चढ़कर तार जोड़ रहा एक युवक शुक्रवार को करंट की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस व पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को सूचित किए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
रामपुर मथुरा थाना इलाके में बांसुरा गांव से केवड़ा की ओर आने वाली हाईटेंशन लाइन का तार गुरुवार देर रात टूट कर गिर गया था, जिससे क्षेत्र में आपूर्ति बाधित हो गई थी। शुक्रवार सुबह हाईटेंशन लाइन की मरम्मत चल रही थी। वहीं बिजली न आने पर केवड़ा निवासी मटरू (26) पुत्र हन्ने सिंह बिजली का तार जोड़ने के लिए खंभे पर चढ़ गया। इसी बीच अधिकारियों ने लाइन की मरम्मत के बाद उसे जांचने के लिए अचानक आपूर्ति शुरू करा दी। लाइन चालू हो जाने पर खंभे पर चढ़ा मटरू करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया और खंभे से नीचे गिर गया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। मटरू का विवाह करीब चार वर्ष पूर्व हुआ था। परिवार में पत्नी ननकन्नी व ढाई वर्षीय पुत्री छोटी व माता-पिता है। ग्रामीणों ने पुलिस व पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को अवगत कराए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। एसओ एके सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है। अवर अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।