सीतापुर। लालबाग सब्जी मंडी में बुधवार देर शाम कुछ दबंगों ने एक सब्जी व्यापारी पर जानलेवा हमला कर दिया। लोहे की राॅड लगने से उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, हमले की खबर पाकर गुरुवार को साथी व्यापारी बिफर गए। इन लोगों ने अपनी दुकानें बंद कर नारेबाजी की। व्यापारियों ने दोषियों पर कार्रवाई होने तक दुकानें बंद रखने की घोषणा की है। वहीं दुकानें बंद रहने से आम जनता को भी परेशानी उठानी पड़ी।
लालबाग से घंटाघर मार्ग पर काफी पुरानी सब्जी मंडी लगती है। इस मंडी में थोक व फुटकर विक्रेताओं सहित करीब 24 से अधिक दुकानें हैं। शहर की मुख्य बाजार होने से हजारों की संख्या में शहरवासी यहीं सब्जी खरीदने पहुंचते हैं। दुकानदारों ने बताया कि सब्जी मंडी में बुधवार देर शाम कुछ दबंग दुकानदारों ने अपने साथियों की मदद से एक सब्जी व्यापारी पर जानलेवा हमला कर दिया। लात-घूसों और लोहे की राॅड से पिटाई कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं इस मामले में घूरामऊ बंगला निवासी दिलीप मौर्य ने कहा कि मंडी में दुकान करने वाले राकेश, राजेश, छोटू, रजनीश, मुन्नालाल, राज आदि ने उसके भाई अनूप की पिटाई की है। मौजूद अन्य दुकानदारों ने किसी तरह उसे बचाया। उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दे दी है। गुरुवार सुबह अनूप की पिटाई की खबर पाकर साथी व्यापारी भी आक्रोशित हो उठे। इन लोगों ने अपनी दुकानें बंद कर प्रदर्शन किया। बाद में सुशील जायसवाल, लाल, मो. आरिफ, अन्नू, रिशू, हनीफ, छोटू, सर्वेश, अच्छे, दीपक, राजू, परमानंद, चंदन सिंह, जगदीश, नितिन आदि ने एसपी कार्यालय पहुंच दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।