सीतापुर। शहर के 33/11 केवीए हुसैनगंज पावर हाउस पर गुरुवार सुबह अचानक आग लग गई। तेज लपटों के कारण यहां रखे कई विद्युत उपकरण धूं-धूंकर जलने लगे। सिटी-3 क्षेत्र में बिजली आपूर्ति के लिए लगे इनकमिंग व आउटगोइंग पैनल भी लपटों की चपेट में आ गए। इस दौरान आग बुझाने के प्रयास में वहां मौजूद एक कर्मचारी भी झुलस गया। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने से सिटी-3, सिटी-2 व को-एक्सेल क्षेत्र में आपूर्ति ठप हो गई। अधिकारियों की मानें तो हादसे के चलते उपकेंद्र से जुड़े कई मोहल्लों में 12 जनवरी तक आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
शहर में विद्युत आपूर्ति के लिए हुसैनगंज स्थित 33/11 केवीए उपकेंद्र पर सिटी-1, 2, 3 व को-एक्सेल फीडर की व्यवस्था की गई है। यहां से आउटगोइंग व इनकमिंग पैनल के जरिए इन फीडरों पर आपूर्ति दी जाती है। गुरुवार सुबह सिटी-3 में लगे आउटगोइंग व इनकमिंग पैनल में एक तेज धमाके के साथ अचानक आग लग गई। कई उपकरण धूं-धूंकर जलने लगे। इस पर वहां तैनात सब स्टेशन ऑपरेटर सच्चानंद ने आननफानन इसकी सूचना विभागीय अधिकारियों को दी। आग बेकाबू होते देख उसने खुद ही लाइन काटने का प्रयास किया। इस दौरान आग की चपेट में आकर वह बुरी तरह झुलस गया। खबर पाकर हुसैनगंज उपकेंद्र व 220 केवी पावर हाउस के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। बालू व अन्य उपकरणों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। करीब पौन घंटे तक चली मशक्कत के बाद किसी तरह लपटों पर काबू पाया जा सका। वहीं कर्मचारियों की मदद से घायल कर्मचारी को स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया है।
जानकारी होने पर एसडीओ सिटी रवि कुमार व अवर अभियंता मौके पर पहुंचेे। लपटों के चलते आइटगोइंग व इनकमिंग पैनल जलकर राख हो चुके थे। साथ ही वहां मौजूद ऑयल सर्किट ब्रेकर भी पूरी तरह जल गया। ऑयल सर्किट ब्रेकर (ओसीबी) से फॉल्ट होने पर नियंत्रण व प्रोटेक्शन किया जाता है। उपकरण फुंकने से कई मोहल्लों की आपूर्ति ठप हो गई। हादसे से विभाग को करीब 13 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। अधिकारी देर शाम तक खराबी दुरुस्त करने में जुटे रहे। अधिकारियों की मानें तो उपकरण बदलने में अभी कुछ दिन लग सकते हैं। ऐसे में 12 जनवरी तक प्रभावित क्षेत्रों में आपूर्ति व्यवस्था पटरी पर आ सकेगी।