सीतापुर। जिले में टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) कराने की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। इसके लिए 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पर्यवेक्षक बनाया गया है। जिले में कुल 10172 अभ्यर्थी टीईटी देंगे। परीक्षा 27 व 28 जून को दो-दो पालियों में होगी। 27 जून को प्राइमरी स्कूल की टीईटी होगी। प्राइमरी कक्षाओं के लिए पहली पाली सुबह दस बजे से 12.30 बजे तक चलेगी। इस पाली में 2466 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इस दिन दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2.30 बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। इस पाली में भाषा की परीक्षा में 740 अभ्यर्थी शामिल होंगे। 28 जून को जूनियर हाईस्कूल की टीईटी होगी। इस दिन पहली पाली में सामान्य विषय की परीक्षा सुबह 10 बजे दोपहर 12.30 बजे तक होगी। इसमें 5623 परीक्षार्थी शामिल होंगे। दूसरी पाली में भाषा की परीक्षा दोपहर 2.30 बजे से शाम पांच बजे तक होगी। इस परीक्षा में 1343 परीक्षार्थी शामिल होंगे।