सीतापुर। अलग-अलग सड़क हादसों में एक छात्रा समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं ऑटो पलटने से उस पर सवार चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वालों में एक बालक लखीमपुर खीरी का है। दुर्घटनाएं लहरपुर, महोली, हरगांव रामकोट में हुईं हैं। महोली के इमलिया गांव निवासी राम प्रसाद की पंद्रह वर्षीय पुत्री अंशू देवी महोली कस्बे के उमाशंकर इंटर कॉलेज ऑफ साइंस की कक्षा ग्यारह की छात्रा थी। बताते हैं कि मंगलवार सुबह वह साइकिल से स्कूल जा रही थी। जब वह महोली इलाके के अढौरी के पास पहुंची तो बालू लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसके अलावा हरगांव क्षेत्र के परसेहरा के निकट मंगलवार को तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर लखीमपुर खीरी जिले के फरधान थाना क्षेत्र के पीरपुर गांव निवासी पंकज (12) पुत्र राम प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। बताते हैं कि पंकज परसेहरा माल निवासी सुशील के यहां रिश्तेदारी में आया था। सुबह वह सड़क की ओर निकला था, तभी हादसा हो गया। घटना के बाद कार चालक वाहन समेत भाग निकला। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। वहीं रामकोट इलाके में कचनार के पास एक ऑटो पलट गया। ऑटो चालक इरफान निवासी इलसिया थाना रामकोट व कचनार निवासी बारह वर्षीय महिमा, सन्नो व देवेंद्र जख्मी हो गए। घायलों में कुछ लोगों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।