पैंतेपुर (सीतापुर)। महमूदाबाद कोतवाली इलाके में एक प्राथमिक विद्यालय में मध्याह्न भोजन बनाते समय गैस रिसाव से आग लग गई। रसोई में रखे बर्तन, भोजन सामग्री व खिड़कियों के पल्ले जल उठे। देखते ही देखते पूरी रसोई में धुआं भर गया। चीख-पुकार पर प्रधानाध्यापक ने इसकी सूचना दमकल विभाग व पुलिस को दी। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह आग पर काबू पाया। अग्निकांड में हजारों रुपये के नुकसान का अनुमान है। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना के समय स्कूल में बच्चे भी मौजूद थे।
कोतवाली इलाके के ग्राम केदारपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में रसोइयां पुष्पा देवी, कुसुमा देवी एमडीएम के तहत तहरी बना रही थी। इसी दौरान गैस रिसाव होने से आग लग गई। कुछ ही देर में पूरी रसोई में धुआं फैल गया। प्रधानाध्यापक इस्लामुद्दीन ने घटना की सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी। तब तक विद्यालय में तैनात शिक्षक प्रदीप कुमार व शिक्षा मित्र भारत प्रसाद ने विद्यालय में मौजूद उपकरणों की सहायता से आग बुझाना शुरू कर दिया, लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी की मदद से आग पर काबू पाया गया। हादसे में रसोई का दरवाजा, खिड़की व एमडीएम की अन्य सामग्री जलकर राख हो गए। विद्यालय प्रशासन ने उच्च अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी है। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।