रेउसा (सीतापुर)। थानगांव इलाके में बुधवार रात चोरों ने एक घर पर धावा बोल दिया। इस दौरान चोरों ने नकदी, मेंथा ऑयल, जेवर, लैपटॉप समेत लाखों रुपये का माल पार कर दिया। सुबह जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को घटना की सूचना दी। थानगांव के घेउड़ा गांव निवासी अजीत सिंह ने बताया कि बुधवार रात वह परिजनों के साथ घर में सो रहा था। सुबह जब वह सोकर उठे तो घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी। दरवाजा भी खुला पड़ा था। कमरे में रखा सामान अस्तव्यस्त मिला। उन्होंने बताया कि चोर घर से 40 हजार रुपये नकद, 35 लीटर मेंथा ऑयल, लैपटॉप, मोबाइल, जेवरात व बाइक के पहिए समेत हजारों रुपये का माल बटोर ले गए। अजीत ने घटना के सिलसिले में तहरीर दे दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच कर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।