जहांगीराबाद (सीतापुर)। उन्नाव के एक डिपो से सदरपुर थाना क्षेत्र के जहांगीराबाद कस्बे की एक एजेंसी के लिए नया ट्रैक्टर लेकर जा रहे चालक को असलहे के बल पर बंधक बनाने के बाद बदमाशों ने बुधवार शाम ट्रैक्टर लूट लिया। वारदात के बाद किसी तरह बंधन मुक्त हुए चालक ने एजेंसी मालिक को मामले से अवगत कराया। एजेंसी मालिक ने पुलिस को सूचना दी। घटना के कई घंटे बीतने के बाद भी पुलिस ट्रैक्टर का पता नहीं लगा सकी थी।
उन्नाव के एक डिपो से नया ट्रैक्टर लेकर चालक संतोष कुमार सदरपुर के जहांगीराबाद कस्बे की एक एजेंसी जा रहा था। जब वह बिसवां-जहांगीराबाद मार्ग पर धामीसरांय के मोड़ के निकट पहुंचा तभी दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने ट्रैक्टर रुकवा लिया। चालक के ट्रैक्टर रोकते ही बदमाशों ने असलहा दिखाकर उसे नीचे उतारा और नकदी व मोबाइल छीन लिया। इसके बाद एक बदमाश ट्रैक्टर लेकर जहांगीराबाद की ओर चला गया। अन्य बदमाश बाइक से भाग गए। कुछ देर बाद किसी तरह बंधन मुक्त होने पर चालक जहांगीराबाद स्थित ट्रैक्टर एजेंसी पहुंचा। यहां उसने एजेंसी मालिक सलमान अंसारी को घटना की जानकारी दी। इस पर एजेंसी मालिक ने तत्काल सदरपुर व सकरन पुलिस को फोन से घटना की सूचना दी, लेकिन घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस लूटे गए ट्रैक्टर का पता नहीं लगा सकी है। पुलिस का कहना है कि घटना को लेकर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।