मिश्रिख (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र में बाग की रखवाली कर रहे एक ग्रामीण की रविवार की रात चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई। उसका खून से सना हुआ शव बाग में बनी झोपड़ी में पड़ा मिला। सुबह बेटे ने घटना से परिजनों को अवगत कराया। घटना के कारणों का पता नहीं चल पा रहा है। मृतक के भाई ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। माना जा रहा है कि शराब के आदी मृतक को साथ में ही शराब पीने वालों ने किसी बात को लेकर मौत के घाट उतार दिया है। पुलिस का कहना है कि घटना को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
मिश्रिख कस्बे के मोहल्ला थोक निवासी शिवलाल (45) पुत्र परसादी क्षेत्र के दौलतपुर गांव के टक्के पुत्र मिश्रीलाल की बाग की रखवाली के लिए उसी बाग में झोपड़ी बना कर रहता था। शिवलाल की पत्नी की मृत्यु हो चुकी है और उसका बड़ा बेटा लवकुश पंजाब में नौकरी करता है। मृतक के भाई भिम्मा के मुताबिक शिवलाल के दो बेटे कल्लू (14) व राजा (11) उसके साथ ही रहते थे। उसने बताया कि सोमवार की सुबह उसके चाचा रामकुमार रोज की तरह उसी बाग की ओर घूमने गए थे। रामकुमार को बाग में बनी शिवलाल की झोपड़ी के पास प्रतिदिन आग जलती नजर आती थी, लेकिन सोमवार की सुबह झोपड़ी की ओर सन्नाटा था। इस पर रामकुमार झोपड़ी के करीब गया तो वहां का दृश्य देख वह दंग रह गया। शिवलाल धारदार हथियार से कटा मृत पड़ा था। उसका शव खून से सना हुआ था। यह देखकर उसने भागकर शिवलाल के घर वालों को जानकारी दी। जानकारी मिलने पर उसके घर वाले मौके पर पहुंचे। इस बीच चीख सुनकर झोपड़ी में ही सो रहे मृत शिवलाल के दोनों बेटे कल्लू व राजा भी जाग गए। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मृतक के बच्चों का कहना है कि कल शाम को उन लोगों ने पिता शिवलाल के साथ दो अन्य लोगों देखा था। लेकिन बाद में क्या हुआ। इस बारे में कुछ पता नहीं चला। घटना को लेकर मृतक के भाई गंगाराम ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करा दिया है। इंस्पेक्टर इश्तियाक अहमद ने बताया कि मृतक केभाई की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। उसके बेटों से घटना के बारी में जानकारी ली जा रही है। कल शाम मृतक के साथ कौन लोग थे। इसके बारे में पता लगाया जा रहा है। घटना का जल्द ही खुलासा किया जाएगा।