लहरपुर (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार रात सशस्त्र बदमाशों ने बाइक सवार तीन लोगों की पिटाई कर उनके पास से नकदी व मोबाइल लूट लिया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
ग्राम बहादुरपुर मजरा बेहड़ा कोदहरा निवासी अमरेंद्र अपने चचेरे भाई डबलू पुत्र रामशंकर व बहनोई के साथ लहरपुर से अपने गांव जा रहा था। तीनों लोग एक ही बाइक पर सवार थे। रात करीब 9 बजे जब सभी नौवापुर गांव के निकट पहुंचे तभी कुछ सशस्त्र बदमाश झाड़ियों से निकल कर सामने आ गए। इस दौरान एक बदमाश ने बाइक चला रहे डबलू पर लाठी से वार कर दिया। इससे वह बाइक समेत गिर गया। उसके गिरते ही बदमाशों ने तीनों लोगों को बंधक बनाकर जमकर पिटाई की और उनके पास से दो मोबाइल, 4200 रुपये नकदी लूटकर भाग गए। पीड़ितों ने राहगीरों की मदद से किसी तरह पुलिस व परिजनों को घटना की सूचना दी। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।