सीतापुर। गुुरुवार और शुक्रवार को लगातार दो दिन होने वाले टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुुुरुवार को 5039 कोरोना योद्धाओं को वैक्सीन की पहली डोज मिलेगी। 42 सत्रों में 24 केंद्रों पर टीकाकरण होगा। सभी केंद्रों पर वैक्सीन पहुंच गई है। मोबाइल पर मैसेज भेज दिया गया है। इस मैसेज के आधार पर कोरोना योद्धा स्वास्थ्य केंद्रों पर आकर टीकाकरण कराएंगे। 28 दिन बाद वैक्सीन की दूसरी डोज दी जाएगी। शुक्रवार को 4175 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण होगा। इस तरह दो दिनों में 9214 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाने की तैयारी विभाग ने की है। इसमें कुछ बदलाव भी हो सकता है।
कोरोना वैक्सीन को लेकर पहले चरण में चिह्नित योद्धाओं को 16 जनवरी से टीकाकरण शुरू हुआ था। 22 जनवरी को दूसरी बार टीकाकरण किया गया था। अब लगातार गुरुवार व शुक्रवार को टीकाकरण किया जाएगा। गुरुवार को 24 केंद्रों पर 42 सत्रों में टीकाकरण होगा। इस बार जिले के सभी 19 सीएचसी को शामिल कर लिया गया है। इन केंद्रों पर 5039 लोगों को टीका लगेगा। शुक्रवार को 4175 कोरोना योद्धाओं को टीका लगाया जाएगा। इन केंद्रों पर वैक्सीन पहुंच गई है। सीएचसी अधीक्षक के देखरेख में पुलिस वैक्सीन की निगरानी कर रही है। स्वास्थ्य विभाग बुधवार को दिनभर तैयारियों में व्यस्त रहा। पहली डोज वालों का 28 दिन बाद फिर से टीकाकरण होगा।
छूटे लोगों को भी मौका
16 जनवरी को कोरोना योद्धाओं का टीकाकरण शुरू हुआ था। इस दिन 400 लोगों को बुलाया गया था, जिसमें 302 ने टीका लगवाया था। 98 गैरहाजिर रहे थे। इस दिन गैरहाजिर रहे लोगों को गुरुवार व शुक्रवार को टीकाकरण करने का मौका मिलेगा। इनको दोबारा मैसेज भेज दिया गया है। 22 जनवरी को छूटे लोगों को अब अगली बार आयोजित होने वाले दिन मौका दिया जाएगा।
वर्जन...
दो दिन तक चलने वाले टीकाकरण को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इन दो दिनों में केवल 16 जनवरी को छूटे व बाकी नए लोगों को टीकाकरण कराने का अवसर दिया जाएगा।
- डॉ. पीके सिंह, एसीएमओ