सिधौली(सीतापुर)। जिले में अवैध रूप से नर्सिंग होम का धंधा खूब फल-फूल रहा है। सूचना पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी ने सिधौली के सांई जनेसवा चिकित्सालय में छापा मारा।
वहां बिना प्रशिक्षित चिकित्सकों के डिलीवरी कराई जा रही थी। अस्पताल में एक भी प्रशिक्षित कर्मी नहीं मिला। अस्पताल की ओर से कोई भी दस्तावेज नहीं दिखाया जा सका। इस पर टीम ने अस्पताल को सील कर दिया गया है।
गुरुवार को अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र शाही व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिधौली अधीक्षक डॉ. आरसी चौधरी के नेतृत्व में टीम ने सांई जनसेवा चिकित्सालय एवं जच्चा बच्चा केंद्र पर छापा मारा।
इस दौरान अस्पताल का नवीनीकरण प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं किया जा सका। मौके पर अस्पताल में डिलीवरी के लिए भर्ती सुभाषिनी के पेट में बच्चा मृत पाया गया।
दूसरी मरीज रेनू निवासी लालपुर सिधौली के ढाई माह के गर्भ के दौरान रक्तस्राव होने के कारण गर्भपात करवाया गया। यह सब अधिकृत चिकित्सक द्वारा नहीं किया गया।
अस्पताल में चिकित्सक डॉ. सुफेही खातून की उपस्थित मिली, जो डिलीवरी के लिए अधिकृत नहीं थी। अस्पताल में कोई पंजीकृत पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित नहीं मिला।
अस्पताल द्वारा बायो मेडिकल वेस्ट के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। पिछले दिनों भर्ती हुई महिला चांदनी, जिसकी अस्पताल में हुई डिलीवरी के बाद घर पर मृत्यु हो गयी थी।
उसके भर्ती रिकॉर्ड व डिस्चार्ज रिकॉर्ड को भी अस्पताल में नहीं पाया गया। चांदनी के परिजनों ने अस्पताल संचालकों पर आरोप लगाते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी से शिकायत की गई थी। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र शाही ने बताया जांच रिपोर्ट सीएमओ को भेज दी है।