धौरहरा से प्रत्याशी बनाए जाने पर मीडिया से रूबरू होकर बोले जितिन
सीतापुर। पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस के प्रति जनता का रुझान बढ़ रहा है। इस लोकसभा चुनाव में भाजपा के झूठे वादों का किला ध्वस्त होने वाला है। परिणाम चौंकाने वाले होंगे। भाजपा का सूपड़ा साफ होगा। कांग्रेस हाईकमान द्वारा धौरहरा लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाए जाने के बाद शनिवार को जितिन शहर के एक रेस्टोरेंट में खबरनवीसों से रूबरू थे।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो भी फैसला लिया है वह उन्हें मंजूर है। वह इस चुनाव में धौरहरा लोकसभा सीट जीतकर कांग्रेस की झोली में डालने का काम करेंगे। जितिन बोले कि वह धौरहरा की जनता के साथ थे साथ हैं और हमेशा रहेंगे। बीजेपी पर हमलावर होते हुए कहा कि सरकार में आने से पहले राम मंदिर और अन्य कई मुद्दे उठाए थे, लेकिन वह मुद्दे अब बीजेपी भूल गई है।
बीजेपी बताए कि पांच साल में आखिर क्या किया है। उन्होंने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस बेरोजगारी, 20 प्रतिशत गरीब परिवारों को 72 हजार रुपये सालाना का मुद्दा लेकर चुनाव मैदान में आई है। केंद्र में सरकार बनने पर कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों को लागू करने का काम करेगी। इस मौके पर पूर्व विधायक हरीश बाजपेई, श्यामलाल रावत, जिलाध्यक्ष विनीत दीक्षित, योगेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।