आक्रोशित ग्रामीणों ने सिपाहियों व वाहन को घेरा
महमूदाबाद (सीतापुर)। सदरपुर थाना इलाके में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब सांप पकड़ने आए सपेरे को यूपी-100 के पुलिस कर्मी ने थप्पड़ जड़ दिए। इससे नाराज ग्रामीणों ने यूपी-100 के सिपाहियों को मय वाहन के पकड़ लिया, हालांकि सिपाही ने बाकायदा हाथ व पैर छूकर माफी मांगीं तब कहीं जाकर ग्रामीणों ने सिपाहियों को वहां से जाने दिया।
सदरपुर थाना क्षेत्र के बैरागीपुर में जहरीले सांप का आतंक फैला हुआ है। इस पर ग्रामीणों ने निजी संसाधन से सपेरे को गांव में बुलाया था। संपेरे द्वारा सांप को पकड़ने की प्रक्रिया देखने के लिए वहां पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। जानकारी मिलने पर वहां पर पहुंची यूपी-100 की टीम ने लोगों से भीड़ हटाने को कहा।
इसी बीच अचानक किसी बात पर एक सिपाही ने सपेरे को थप्पड़ जड़ दिए। जिससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए और सिपाहियों को मय वाहन के दबोच लिया। काफी मान मनौव्वल के बाद ग्रामीणों ने उन्हें जाने दिया। एसओ सूर्यबली पांडेय ने इस घटना की जानकारी से इंकार किया।