नोटों भरा पर्स लौटा सिपाही ने पेश की ईमानदारी की मिसाल
पिसावां (सीतापुर)। सिपाही सुमित सिंह ने नोटों से भरा पर्स लौटाकर ईमानदारी की मिसाल कायम की है। सिपाही को यह पर्स पिसावां में चेकिंग के दौरान सड़क पर पड़ा मिला था। पर्स में 16 हजार रुपये थे। पर्स में एटीएम के साथ पैन कार्ड व अन्य जरूरी कागजात भी थे।
पिसावां थाने में तैनात आरक्षी सुमित सिंह बुधवार रात थानाक्षेत्र के मिश्रित मार्ग पर कटीनापुल के निकट वाहनों की चेकिंग कर रहा था।
इसी दौरान आरक्षी को वहां एक पर्स पड़ा मिला। पर्स में 16 हजार रुपये की नगदी, एटीम व पैन कार्ड और एक कागज पर लिखे कुछ मोबाईल मौजूद थे।
उधर, लखनऊ निवासी मनोज बुधवार को एक शादी में शामिल होने पिसावां आया था। इसी बीच उसका पर्स गिर गया। मनोज ने पिसावां थाने के सीयूजी नंबर पर कॉल कर पर्स गिरने की सूचना दी।
जिस पर पड़ताल के दौरान आरक्षी सुमित ने एक पर्स मिलने की बात कही। जिसमें 16 हजार रुपये व एटीम, पैन कार्ड मौजूद थे। जिसके बाद मनोज को पिसावां थाने बुलाया गया।
गुरुवार को मनोज पिसावां थाने पहुंचा तो आरक्षी सुमित ने उसे रुपयों व एटीएम समेत पर्स वापस कर दिया। पर्स के साथ रुपये व एटीएम वापस पाकर मनोज की खुशी का ठिकाना नही रहा।
मनोज ने कहा कि वह पर्स वापस पाने की उम्मीद खो चुका था। लेकिन आरक्षी ने पर्स वापस कर ईमानदारी की मिसाल कायम की है। थाना प्रभारी पिसावां जय शंकर सिंह ने बताया कि पर्स मनोज को मिल गया है।