दुरुस्त होंगी पीएचसी व सीएचसी सेवाएं
खाका तैयार, जल्द किया जाएगा योजना पर अमल
सीतापुर। जिले के सभी सीएचसी व पीएचसी केंद्रों की सेवाओं को जल्द ही दुरुस्त किया जाएगा। इसे लेकर खाका भी तैयार कर लिया गया है। इसके ऊपर बहुत जल्द अमल किया जाएगा। यह बात सीएमओ डॉक्टर ध्रुवराज सिंह ने प्रेसवार्ता के दौरान कही। सीएमओ ने कहा कि जिले में तैनात डॉक्टर अब अपनी तैनाती वाले स्थान पर ही मौजूद रहेंगे। जिले में 20 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 61 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मौजूद हैं। जबकि 468 एएनएम सेंटर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि जो एएनएम प्रमोशन पाकर सुपरवाइजर हो गई हैं, उन्हें पीएचसी पर तैनात किया गया है। जबकि सभी एएनएम को एएनएम सेंटरों पर तैनात किया जाएगा। जिले में 365 एएनएम हैं, जबकि 25 संविदा पर हैं। इन सभी की तैनाती से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार आएगा। इससे स्वास्थ्य केंद्रों पर लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलता रहेगा। सीएमओ ने कहा कि सीएचसी पर चिकित्सक बेवजह किसी को रेफर न करें, इस पर ध्यान दिया जाएगा। लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी जिला अस्पताल की तरह से 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं मिलती रहेंगी।
बाक्स
लिपिक जाएंगे अपने क्षेत्र में
सीएमओ ने बताया कि बहुत स्वास्थ्य केंद्रों के लिपिकों को जिला मुख्यालय पर सीएमओ कार्यालय में अटैच करके रखा गया है। इन लिपिकों को बहुत जल्द ही उनकी मूल तैनाती वाले स्वास्थ्य केंद्रों पर भेजा जाएगा। इसे लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस प्रक्रिया से स्वास्थ्य केंद्रों की लिखा पढ़ी वाली कार्रवाई प्रभावित नहीं होने पाएगी।
बाक्स
पुरुष नसबंदी पर बल
सीएमओ ने बताया कि नसबंदी के मामले में पुरुष महिलाओं से काफी पीछे हैं। इस बार पुरुषों को नसबंदी के लिए प्रेरित किया जाएगा। हर दिन जिले के किसी न किसी सरकारी अस्पताल में नसबंदी की जाएगी।
बाक्स
अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर छापेमारी
सीएमओ ने बताया कि कन्या भ्रूण हत्या रोकने को पूरे जिले में अभियान चलाकर छापेमारी की जाएगी। जिन केंद्रों पर अनियमितता पाई जाएगी, उन केंद्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।