रामपुर मथुरा और सिधौली क्षेत्र में हुई घटनाएं
सीतापुर। जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए अग्निकांड में नौ घर जल गए। रामपुर मथुरा इलाके में आग लगने से एक गांव के सात घर जबकि सिधौली क्षेत्र में दो सगे भाइयों के घर आग की भेंट चढ़ गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में लाखों की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
रामपुर मथुरा थाना इलाके के चमरही मजरा उमरी गनेशपुर गांव में गुरुवार की दोपहर लोग खेतों में काम कर रहे थे। इसी बीच अज्ञात कारणों के चलते गांव में आग लग गई। जिससे गांव के संतू, चौथीराम, भवन लाल, नौमीलाल, रामतीरथ, पुन्नू, सत्रोहन के घर जलकर नष्ट हो गए।
जब तक ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया तब तक करीब दो लाख की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। पुलिस पहुंच गई थी, लेकिन दमकल टीम नहीं पहुंच पाई थी। घटना की सूचना तहसील प्रशासन को दे दी गई है। सिधौली कोतवाली क्षेत्र के फिरोजपुर निवासी रज्जन व उसके भाई डबलू के यहां बुधवार की रात शॉर्टसर्किट से अचानक आग लग गई।
जब तक लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, तब तक आग बेकाबू हो गई। देखते ही देखते आग ने दोनों घरों को अपनी आगोश में ले लिया। अग्निकांड में 30 हजार की नकदी सहित रज्जन का एक लाख का नुकसान हो गया, जबकि उसके भाई डबलू के घर में करीब दस हजार का नुकसान हुआ। यहां दमकल टीम ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया।