औचक निरीक्षण करेंगे सात सचल दल, आठ केंद्र घोषित किए गए हैं संवेदनशील
सीतापुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा गुरुवार से शुरू हो रही है। 139 केंद्रों पर 82986 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। बुधवार को प्रत्येक केंद्र पर डेस्क स्लिप लगाने से लेकर अन्य तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। वहीं डीआईओएस कार्यालय में कक्ष निरीक्षकों को लेकर दिनभर शिकायती पत्र आते रहे।
इस बार 10वीं में 49 हजार 197 विद्यार्थी जबकि 12वीं में 33 हजार 789 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। जिले में 139 कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। पिछले वर्ष 126 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। अधिकारियों ने इन केंद्रों का भ्रमण कर तैयारियों की समीक्षा की।
वहीं सबसे अधिक दिक्कत कक्ष निरीक्षकों को लेकर आ रही है। बुधवार को करीब 10 कॉलेजों ने अपने यहां जरूरत के मुताबिक कक्ष निरीक्षक न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर डीआईओएस ने बेसिक शिक्षा विभाग से शिक्षक लेकर उनका इंतजाम किया। इस बार सात सचल दल बनाए गए हैं।
आठ केंद्र संवेदनशील घोषित किए गए है। पूरी परीक्षा भी सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में संपन्न होगी। परीक्षार्थियों के स्कूल बैग रखने की पूरी व्यवस्था कॉलेज करेगा। परीक्षा केंद्रों पर इस बार 3832 कक्ष निरीक्षक लगाए गए हैं। ये 139 परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी करेंगे। इनमें 2779 माध्यमिक शिक्षा विभाग व 1053 शिक्षक बेसिक शिक्षा विभाग के हैं।
दिक्कत होने पर कंट्रोल रूम में करें शिकायत
बोर्ड परीक्षा के दौरान स्कूल मैनेजमेंट को दूर रखा गया है। परीक्षा के दौरान प्रबंधक व कॉलेज का अन्य स्टॉफ 200 मीटर दूर ही रहेगा। केवल केंद्र व्यवस्थापक के पास ही मोबाइल रहेगा। कक्ष निरीक्षक भी मोबाइल से दूर ही रहेंगे। अगर कही पर गड़बड़ी की शिकायत मिले तो तत्काल कंट्रोल रूम नंबर 05862-242126 पर शिकायत दर्ज कराएं। यह पूरी परीक्षा के दौरान चालू रहेगा।
आज यह है पेपर
बोर्ड परीक्षा की पहली पाली सुबह आठ बजे शुरू होगी जो 11.15 तक चलेगी। इस पाली में हाईस्कूल का संगीत गायन का प्रश्नपत्र है जबकि इंटरमीडिएट में काष्ठ शिल्प, ग्रंथ शिल्प, सिलाई का प्रश्नपत्र है। दूसरी पाली दो से 5.15 के बीच होगी। इस पाली में इंटर का मनोविज्ञान, शिक्षाशास्त्र व तर्कशास्त्र का पेपर होगा।
शिक्षामित्र व अनुदेशक करेंगे ड्यूटी
पुरानी पेंशन बहाली को लेकर जारी महा हड़ताल से बोर्ड परीक्षा पर असर पड़ सकता है। इस पर प्रभारी जिलाधिकारी संदीप कुमार ने बताया परिषदीय के 1053 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। ये हड़ताल पर जा सकते है। इसलिए शिक्षामित्र व अनुदेशकों की ड्यूटी लगा दी गई है। बीएसए इनको प्रशिक्षित करके प्रमाणपत्र उपलब्ध कराएंगे।
वर्जन:
पूरी हो गई है तैयारी
बोर्ड परीक्षा की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। नकलविहीन तरीके से परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। पूरी परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी। गड़बड़ी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
-नरेंद्र शर्मा, डीआईओएस