बिसवां (सीतापुर)। कस्बे में एक चिट फंड कंपनी दर्जनों लोगों को लाखों रुपये की चपत लगाकर रफूचक्कर हो गई। भुक्तभोगियों ने तीन लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिसवां कोतवाली इलाके के कमलापुर निवासी राजकुमार, छोटेलाल, प्रीति देवी, हरगोविंद, रामचंद्र, कमलेश, विनोद, सुशील, मन्नूलाल, तोताराम, नन्दकिशोर, शालिग्राम, दिलीप, अशोक, मंशाराम इत्यादि एजेंट और उपभोक्ताओं ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि पैसन ग्रुप ऑफ कंपनीज की एक शाखा इलाके के ग्राम बेलझरिया में संचालित हो रही थी।
इस कंपनी के एमडी राकेश कुमार व सीएमडी साहब सिंह, सीईओ योगेश वर्मा थे। आरोप है कि इन लोगों ने कई अन्य वर्करों के साथ मिलकर उपभोक्ताओं से लाखों रुपये आरडी, एफडी के रूप में डिपॉजिट कराए थे।
इसके एवज में कम्पनी के अधिकारियों ने उन्हें परिपक्वता राशि की 15 मार्च को चेक भी दी थी, लेकिन अब कंपनी का कार्यालय बंद है तथा कंपनी के अधिकारी रफूचक्कर हो गए हैं। प्रधान कार्यालय का पता लगाने पर वो भी बंद मिला।