परिवार ने विक्षिप्त बता मांगी माफी, पुलिस ने चेतावनी देकर छोड़ा
सीतापुर। सिधौली कोतवाली क्षेत्र में शराबी ने बोतल से एक सिपाही का सिर फोड़ दिया। इस पर पुलिस आरोपी को पकड़कर कोतवाली ले गई। इसी बीच आरोपी के परिवारीजन कोतवाली पहुंचे और युवक को विक्षिप्त बताया। परिवार ने माफी मांगी तो पुलिस ने चेतावनी देते हुए आरोपी युवक को छोड़ दिया।
सिधौली कोतवाली क्षेत्र में तैनात सिपाही अंकित कुमार कस्बे में ही जा रहा था। इसी दौरान उसने जनता ईंट भट्ठे के निकट एक युवक को शराब पीते देखा। यह देख सिपाही ने युवक को सार्वजनिक स्थल पर शराब न पीने की बात कही। युवक को सिपाही की बात इस कदर नागवार गुजरी की, उसने करीब रखी कांच की बोतल सिपाही के सिर पर दे मारी।
इससे सिपाही का सिर फट गया। यहां देख स्थानीय नागरिकों ने सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को दबोचा और कोतवाली ले आई। इसी बीच युवक के परिवारीजन मौके पर पहुंचे और उसके विक्षिप्त होने की बात कहने लगे।
परिवार ने उसके इलाज के पर्चे भी पुलिस को दिखाए। थानाध्यक्ष अमोद रंजन चौधरी ने बताया कि युवक विक्षिप्त था, परिवार माफी मांग रहा था। इसलिए चेतावनी देकर उसे छोड़ दिया गया है। सिपाही का इलाज कराया गया है।