बारिश में छप्पर व दीवार ढही, चार घायल
सिधौली (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश में एक छप्पर दीवार समेत गिर गया। इससे एक वृद्धा समेत चार लोग घायल हो गए। घायल वृद्धा को नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
अटरिया के ग्राम छाजन निवासी गंगाराम की पत्नी रामदुलारी (70) अपनी पुत्री भानुमती की ससुराल सिधौली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बनियानी आई थी।
यहां पर शनिवार सुबह राम दुलारी, उसकी पुत्री भानुमती (50), नाती मनोज (28), मनोज की पुत्री रीयन (4) छप्पर के नीचे बैठे थे।
इसी बीच मूसलाधार बारिश के साथ तेज हवाएं चलने लगी। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता छप्पर दीवार समेत गिर गया। इससे छप्पर के नीचे बैठे चारों लोग दब गए।
दीवार गिरने की धमक सुनकर गांव के लोग घरों से बाहर निकल आए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से मलबा हटाकर दबे हुए लोगों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक राम दुलारी, भानुमती, मनोज व रीयन घायल हो चुके थे।
ग्रामीणों ने चारों घायलों को आननफानन कस्बा सिधौली सीएचसी पहुंचाया। यहां पर डॉक्टरों ने रामदुलारी की नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।