कांशीराम कॉलोनी में अवैध रूप से कब्जा कर रह रहे लोगों के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार को अभियान चलाया। इस दौरान 77 ऐसे परिवार निकले, जो अवैध रूप से कॉलोनी में रह रहे थे। इन परिवारों को आवास से निकालकर प्रशासन ने निकाल कर सरकारी ताले डाल दिए हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट राकेश पटेल, एसडीएम प्रभाकांत अवस्थी, सीओ जितेंद्र सिंह करीब 15 थानों के पुलिस बल व पीएसी बल के साथ गुरुवार को कांशीराम कॉलोनी में पहुंचे। यहां पर अवैध कब्जेदारों के खिलाफ अभियान चलाया गया।
इस दौरान एक-एक कर करीब 77 ऐसे आवास मिले, जहां पर लोग अवैध रूप से कब्जा करके रह रहे थे। मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने अवैध रूप से रह रहे परिवारों से तत्काल कब्जा मुक्त कराया और उन आवासों में सरकारी ताले डाल दिए।
इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि जिन परिवारों से कब्जा मुक्त कराया गया है, वे परिवार भी गरीब हैं, लेकिन इन परिवारों ने आवास के लिए कोई आवेदन देने के बजाय खुद ही कब्जा कर लिया। इसलिए इन परिवारों को बाहर निकाला गया है।
उन्होंने बताया कि अब तक 45 परिवार आवास के लिए आवेदन कर चुके हैं। जांच में वे परिवार पात्र भी पाए गए हैं। जिन 77 आवासों को खाली कराया गया है, उन्हीं में 45 आवास आवेदनकर्ता परिवारों को आवंटित किए जाएंगे। प्रशासन की टीम द्वारा चलाए गए अभियान से कांशीराम कॉलोनी में हड़कंप की स्थिति रही।