सीतापुर। जिला अस्पताल की ओपीडी में पहुंचने वाले व वार्डों में भर्ती मरीजों को गर्मी से राहत दिलाने की पहल हुई है। अब प्रत्येक वार्ड व ओपीडी में एसी लगाए जाएंगे। अस्पताल प्रशासन ने इसके लिए 72 स्थान चिह्नित किए हैं। सीएमएस ने इसका प्रस्ताव बनाकर मंजूरी के लिए शासन को भेजा है।
जिला अस्पताल 133 साल पुराने भवन में संचालित हो रहा है। 230 बेड के अस्पताल में मरीजों का भारी दबाव रहता है। अभी यहां करीब 300 मरीज भर्ती हैं। एक बेड पर दो-दो मरीजों को लिटाया जा रहा है। इससे गर्मी में मरीजों को परेशानी होती है। केवल इमरजेंसी को छोड़कर किसी भी वार्ड में एसी नहीं लगा है। पंखों के जरिये ही मरीजों को राहत दी जा रही है। सबसे खराब स्थिति तो मेडिकल ए और बी वार्ड की है। यहां वेंटिलेशन की भी सही व्यवस्था नहीं है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के निरीक्षण के दौरान भी यह कमी सामने आई थी। इसी तरह ओपीडी में भी एसी न होने से चिकित्सक बेहाल रहते हैं। इस पर सीएमएस ने 72 स्थानों पर एसी लगाने का प्रस्ताव शासन को भेजा है।जर्जर बिजली लाइन भी होगी दुरुस्त
एसी के साथ ही जिला अस्पताल में बिछी बिजली लाइन भी जर्जर हो गई है। इससे आए दिन फॉल्ट के चलते बिजली गुल हो जाती है। इसे देखते हुए नई लाइन बिछाने के लिए भी प्रस्ताव भेजा गया है।
मरीजों को मिलेगी सहूलियत
जिला अस्पताल में एसी व नई बिजली लाइन का प्रस्ताव शासन भेजा गया है। उम्मीद है कि यह मंजूर हो जाएगा। इससे मरीजों व डॉक्टरों को काफी हद तक सहूलियत मिलेगी।
डॉ. इंदर सिंह, सीएमएस, जिला अस्पताल