कमलापुर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपने बेटे को इस कदर पीटा कि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर मृतक की मां ने अपने पति के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कमलापुर थाना क्षेत्र के शाहजलालपुर गांव निवासी हरिनंदन के 13 वर्षीय पुत्र विशाल की मंगलवार सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
घटना को लेकर विशाल की मां आरती का कहना है कि पति हरिनंदन ने उसे छोड़कर दूसरी महिला से शादी कर ली है। आरती मायके में रहती है, जबकि उसका पुत्र विशाल अपने पिता के पास शाहजलालपुर में रहता था।
आरती का आरोप है कि सोमवार को उसके बेटे विशाल को पति हरिनंदन नहला रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसने विशाल को बेरहमी से पीट दिया।
इससे विशाल हालत बिगड़ गई तो हरिनंदन ने पहले झाड़फूंक कराया और बाद में उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां मंगलवार सुबह विशाल की मौत हो गई।
घटना को लेकर आरती ने हरिनंदन पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। हरिनंदन का कहना है कि उसके बेटे को कुत्ते ने काटा था। जिससे उसकी हालत बिगड़ने से मौत हुई है।
इंस्पेक्टर संजीत सोनकर का कहना है कि मृत बालक की मां की तहरीर पर उसके पिता हरिनंदन के खिलाफ केस दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।