रामपुर मथुरा व सकरन में हुए अग्निकांड, लाखों की संपत्ति का नुकसान
रामपुर मथुरा/सकरन/पिसावां (सीतापुर)। जिले के अलग-अलग थाना इलाकों में शनिवार को हुए अग्निकांड में 12 आशियाने जलकर राख हो गए। जबकि आग की चपेट में आकर एक मवेशी व चार मुर्गे जलकर मर गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इन अग्निकांड में लाखों की संपत्ति के नुकसान होने का अनुमान है।
रामपुर मथुरा थाना के दुर्गापुर गांव निवासी जगदंबा के घर से दोपहर को अचानक आग लगी। जब तक घर के लोग आग पर काबू पाने की कोशिश करते, तब तक आग बेकाबू हो गई और देखते ही देखते पड़ोस के किशन पाल, संजय पाल, अवधराम, सुकई, रामखेलावन सहित छह लोगों के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों ने पुलिस व दमकल टीम को सूचना दी। साथ ही आग बुझाने में जुटे रहे। कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया गया। आग बुझने पर दमकल टीम पहुंची थी। अग्निकांड में किशन पाल के घर से 30 हजार की नकदी सहित सभी लोगों का लगभग दो लाख का नुकसान हो गया।
तहसील प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक पीड़ितों को कोई मदद नहीं मिल पाई थी। उधर, सकरन थाना इलाके में थाना क्षेत्र के दुद्गड़ मजरा मडोर निवासी कल्लू के घर शनिवार की दोपहर खाना बनाते समय छप्पर में आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने पड़ोस के रामपाल, रजनेश, गोपाल, आशाराम के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। अग्निकांड में गोपाल का एक मवेशी जलकर मर गया। अग्निकांड में कपड़े, बर्तन, अनाज व नकदी समेत करीब तीन लाख का नुकसान हुआ है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया।
उधर, पिसावां थाना क्षेत्र के देवरिया गांव निवासी विनोद कुमार के घर खाना बनाते समय अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपने आगोश में लिया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक घर में रखी नगदी, जेवर समेत गृहस्थी जलकर नष्ट हो गई। अग्निकांड में चार मुर्गे भी जिंदा जल गए।