ट्रांसफार्मर खराब होने से दो हजार की आबादी अंधेरे में
सीतापुर। पिसावां इलाके के सैदापुर गांव में लगा ट्रांसफार्मर तीन सप्ताह से खराब पड़ा है। इसकी वजह से शाम होते ही गांव में अंधेरा छा जाता है।
ग्रामीण जन सुनवाई से लेकर अधिकारियों तक से ट्रांसफार्मर ठीक कराने की गुहार लगा चुके है। मगर अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। इसकी वजह से करीब दो हजार की आबादी प्रभावित है।
सैदापुर गांव में 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। मगर जब ये खराब हो गया तो पावर कॉर्पोरेशन ने मनमानी करते हुए इसकी जगह पर करीब एक वर्ष पूर्व 25 केवीए का ट्रांसफार्मर रखवा दिया। तब से अक्सर ट्रांसफार्मर खराब रहता है।
कनेक्शन धारक सुनील वर्मा ने बताया ट्रांसफार्मर कम क्षमता का है, इस वजह से अधिक लोड होने से अक्सर खराब रहता है। लालता प्रसाद का कहना है कि दो महीनों में चार बार ट्रांसफार्मर खराब हो चुका है।
अधिक क्षमता वाला ट्रांसफार्मर रखने की मांग को लेकर अधिकारियों से लेकर टोल फ्री नंबर व जन सुनवाई पर शिकायत कर चुके हैं। मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।