मृतका के पिता ने उसके पति समेत पांच ससुरालीजनों के विरुद्ध दर्ज कराया केस
अटरिया (सीतापुर)। थाना इलाके में एक विवाहिता का शव कमरे के अंदर फंदे से लटकता पाया गया। मृतका के भाई ने उसके पति समेत पांच ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय थानाक्षेत्र के टिकौली गांव में रहने वाले संदीप गुप्ता की पत्नी मालिनी गुप्ता (25) बुधवार की सुबह काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नही आई। इस पर घरवालों को शक हुआ तो वह कमरे के अंदर पहुंचे। कमरे के अंदर का नजारा देख घरवालों के होश उड़ गए।
मालिनी का शव कमरे की छत के कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटकता पाया गया। सूचना पर पहुंचे मृतका के भाई शशिकांत निवासी कोटवा थाना बक्शी का तालाब ने बताया कि ससुराल में एक प्लॉट व चार पहिया गाड़ी के लिए आए दिन मालिनी को परेशान किया जाता था।
आरोप है कि ससुरालीजनों ने मालिनी की हत्या कर शव फंदे से लटका दिया। थाना प्रभारी योगेन्द्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मृतका के पति संदीप, देवर पुष्कर, सास माधुरी, चचेरे ससुर राज किशोर व चचेरी ननद आयुषी के विरुद्ध दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।