जहांगीराबाद (सीतापुर)। बिसवां विकासखंड की ग्राम पंचायत जहांगीराबाद के कोटेदार की मनमानी से आजिज राशनकार्डधारकों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। उन्होेंने सीतापुर-बहराइच मार्ग पर जाम लगाकर यातायात बाधित कर दिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कोटेदार हर माह अनाज नहीं देता है। विरोध करने पर अभद्रता करता है। जाम लगाने की जानकारी होने पर पुलिस व क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक मौके पर पहुंचे और अनाज दिलवाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। जाम के दौरान दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं।
जाम लगाने वाले प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कोटेदार मोहम्मद सलमान हर महीने अनाज नहीं बांटता है। शिकायत करने पर धमकाता है। किसी महीने चावल देता है तो किसी महीने केवल गेहूं से ही संतोष करना पड़ता है। मिट्टी का तेल तो कई महीने से नहीं बांटा गया है। इसकी जमकर कालाबाजारी की जा रही है। इसकी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कार्रवाई आज तक नहीं हुई।
हर बार शिकायत दबा दी जाती है। जब कहीं सुनवाई नहीं हुई तो इससे तंग आकर कार्डधारक रविवार को बहराइच मार्ग पर उतर आए और जाम लगाकर कोटेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। जाम की सूचना पर एसओ सदरपुर सूर्यबली पांडेय व क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक रुचि मिश्रा मौके पर पहुंचे।
उन्होंने ग्रामीणों को हर माह अनाज दिलवाने का आश्वासन दिया, तब जाकर ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद यातायात बहाल हुआ। जाम लगाने से दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।