सिधौली कोतवाली क्षेत्र में रतनापुर गांव के पास हादसा
सिधौली (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में मंगलवार सुबह खेत की जोताई कर जा रहा एक ट्रैक्टर बेकाबू होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर सवार तीन लोग उसके नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने आननफानन में उन्हें किसी तरह से बाहर निकाला, लेकिन तब तक एक किसान ने दम तोड़ दिया।
जबकि चालक समेत दो अन्य लोगों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने दोनों की हालत नाजुक देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
सिधौली कोतवाली इलाके के ग्राम रतनापुर मे कल्लू (50) पुत्र पुत्ती ने अपने खेत को जोतने के लिए गांव के ही विष्णु (30) पुत्र रामविलास के ट्रैक्टर को लिया था। मंगलवार को सुबह कल्लू के खेत की जोताई करने के बाद विष्णु, कल्लू और कन्हैया तीनों ट्रैक्टर पर सवार होकर वापस जा रहे थे।
रास्ते में बांसखेरा-रतनापुर मार्ग पर गांव के समीप मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे ट्रैक्टर सवार तीनों लोग उसके नीचे दब गए। यह हादसा देख स्थानीय नागरिकों ने आननफानन ट्रैक्टर के नीचे दबे लोगों को सकुशल बाहर निकालते, उससे पहले किसान कल्लू की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि विष्णु व कन्हैया को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिधौली पहुंचाया। यहां पर दोनों की हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।