सीतापुर। सुबह से आसमान में छाए काले बादल देर शाम झूमकर बरसे। बदली और बारिश के कारण रविवार को मौसम रूमानी रहा। इससे पहले दोपहर को जिले के कई हिस्सों में सुबह बूंदाबांदी भी हुई। जिसके बाद काली घटाएं दिन भर छाई रहीं, जिससे गर्मी का अहसास नहीं हुआ।
मौसम बदलने से पारा 32 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार की सुबह से ही मौसम नरम रहा। आसमान में काले बादल छाने लगे। जिले के कई इलाकों में बूंदाबांदी भी हुई। हालांकि कुछ देर बाद बूंदाबांदी थम गई। बदली छाई रहने से उमस से राहत मिली। बादलों के बीच मंद-मंद हवाएं चलने से दिन में मौसम सुहाना बना रहा।
देर शाम करीब 7:20 बजे से फिर फुहारें पड़ने लगीं। कुछ ही देर बाद फुहारें तेज बारिश में बदल गईं। झूमकर बरसे बादलों ने सावन का अहसास कराया। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सोमवार को भी बादल छाए रहेंगे। जिले के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना भी है।
सुबह से छाई बदली और मंद-मंद बहती बयार को देख लोगों ने संडे को फन-डे बना दिया। शहर का महावीर उद्यान, सरोजनी वाटिका, इलसिया, शहीद भगत सिंह इत्यादि पार्कों में भारी भीड़ नजर आई। बच्चे जहां अपनी हमजोली में मस्ती करते दिखाई दिए, वहीं अभिभावकों ने अपनी टोली संग खुशनुमा मौसम का लुत्फ उठाया।