हिस्ट्रीशीटरों की बनेगी एलबम
सीतापुर। जिले में मौजूद हिस्ट्रीशीटर अब पुलिस की नजरों से बच नहीं पाएंगे। इसे लेकर अब हर थाने में क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों की एलबम बनाई जाएगी।
इतना ही नहीं उस एलबम में हिस्ट्रीशीटरों का नई फोटो लगेगी। एलबम तैयार करने को लेकर एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित भी कर दिया है। एसपी के निर्देश के बाद थानेदार आदेश पर अमल करने को जुट गए हैं।
अपराध पर अंकुश लगाने के लिए एसपी आनंद कुलकर्णी की नजर हिस्ट्रीशीटरों पर सख्त हो गई है। उन्होंने हिस्ट्रीशीटरों पर अंकुश लगाने व उनके ऊपर नजर रखने के लिए थानावार एलबम बनाने की योजना बनाई है।
जिसको लेकर थानाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं। निर्देश के तहत थानाध्यक्ष अपने थाना क्षेत्र में रहने वाले सभी हिस्ट्रीशीटरों को हाल की फोटो एकत्र करेंगे।
फोटो लेने के दौरान यह ध्यान रखा जाएगा, कि अपराधी चेहरा साफ नजर आता हो। उन फोटो को एलबम में लगाने के साथ यह ब्योरा भी दर्ज किया जाएगा, कि किस अपराधी पर कितने केस दर्ज हैं।
अपराधी पर दर्ज केस किस थाने के हैं, किस तरह के अपराध से संबंधित हैं, इसका ब्योरा भी दर्ज किया जाएगा। मंशा है कि इस तरह की एलबम तैयार होने से थाने में तैनात पुलिसकर्मी हिस्ट्रीशीटरों को पहचान सकेंगे और उनके ऊपर नजर भी रख सकेंगे।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि अभी तक हिस्ट्रीशीटरों के जो फोटो पुलिस के पास थे, वे पुराने थे और उन फोटों से अपराधियों को पहचान पाना मुश्किल होता था।
इससे पुलिसकर्मी चाह कर भी उन पर नजर नहीं रख पाते थे। अब एलबम बनने से उस समस्या का समाधान हो जाएगा। एसपी के निर्देश के बाद सभी थानाध्यक्ष उस पर अमल करने को जुट गए हैं।