चीनी मिल में मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत
-बैगास कैरियर की मरम्मत करते वक्त हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
बिसवां (सीतापुर)। स्थानीय चीनी मिल में बैगास कैरियर की मरम्मत कर रहे मजदूर की सोमवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पाकर एसडीएम बिसवां व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीएम ने मृतक के भाइयों को चीनी मिल से आर्थिक सहायता दिलाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बताते हैं कि मानपुर इलाके के बन्नी सरांय गांव निवासी हरिशचंद (40) बिसवां चीनी मिल में काम करता था। सोमवार को वह बैगास कैरियर की मरम्मत का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मजदूर की मौत से चीनी मिल में हड़कंप मच गया। जानकारी होने पर एसडीएम बिसवां दीपेंद्र यादव व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही मृतक के परिवारीजन भी पहुंच गए। मामले को लेकर एसडीएम बिसवां ने चीनी मिल प्रबंधन से वार्ता कर मृतक के दो भाइयों सरेश व राजाराम को साढ़े तीन-तीन लाख रुपए आर्थिक सहायता दिलाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।