शहर के एटीसी स्थल पर 11 मार्च को ईवीएम से प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा खुलेगा। मतगणना के लिए संबंधित रिटर्निंग अफसर अपनी बैरकों का निरीक्षण कर तैयारियों को पूरा कराने में जुटे हुए हैं।
मतदान के बाद नौ विधानसभा क्षेत्रों की ईवीएम शहर के एटीसी परिसर में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखवाई गई हैं। प्रत्येक स्ट्रांग रूम पर केेंद्रीय पुलिस बल के जवान तैनात हैं। 11 मार्च को एटीसी में सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गणना होगी। इस कार्य में 684 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी विधानसभा क्षेत्रों में टेबलवार प्रत्याशियों द्वारा एजेंट तैनात होंगे।
तीन दिन पहले काउंटिंग एजेंट बना सकेंगे प्रत्याशी
सभी प्रत्याशी मतगणना के दिन मतगणना स्थल पर अपने एजेंट तैनात कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें मतगणना से तीन दिन पहले तक एजेंट के लिए रिटर्निंग अफसर के पास आवेदन करना होगा। प्रारूप 18 का फार्म भरने के साथ ही एजेंट की डिटेल देनी होगी। पुलिस सत्यापन के बाद ही एजेंट का पास बन सकेगा ।उसके बाद एजेंट का परिचय पत्र बनाया जाएगा।