खैराबाद/सीतापुर। 65 निपुण शिक्षक 19 ब्लॉकों में अब कार्यशाला लगाएंगे। इन शिक्षकों को डायट पर पांच दिवसीय ट्रेनिंग देकर निपुण कर दिया गया है। इस प्रशिक्षण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को सीडीओ ने प्रशंसा पत्र सौंपे।
प्रशिक्षण का उद्देश्य एआरपी व केआरपी को कक्षा 1 से 3 के लिए राज्य स्तर पर विकसित नई पाठ्य पुस्तकों कार्यपुस्तिकाओं और शिक्षक संदर्शिका की गहरी समझ देना था। वक्ताओं ने कहा कि प्रशिक्षण इसलिए महत्वपूर्ण है कि नई शैक्षिक सामग्रियों को केवल वितरित ही नहीं, बल्कि समझकर और प्रभावी रूप से लागू करना ही बच्चों के सीखने की गुणवत्ता में वास्तविक सुधार लाएगा।
आपका सबसे बड़ा दायित्व यह है कि आप यह समझा सकें कि ये पाठ्यपुस्तकें कार्यपुस्तिकाएं और शिक्षक मार्गदर्शिकाएं सिर्फ दस्तावेज नहीं हैं, बल्कि बच्चों की बेहतर सीखने के साधन हैं। जब शिक्षक इनका उद्देश्य समझेंगे तभी वे बच्चों को सही दिशा में ले जा सकेंगे। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को उनके ब्लॉकों में इसी प्रकार का प्रशिक्षण सभी कक्षा एक से पांच के शिक्षकों के लिए आयोजित करने के लिए तैयार किया गया। प्रशिक्षण का संचालन करते हुए करुणेश मिश्रा ने कहा अब यह शिक्षक 19 ब्लॉकों में जाकर पूरे ब्लॉक के शिक्षकों को ट्रेंड करेंगे। प्रशिक्षण में दिए गए टिप्स देकर बच्चों का भविष्य उज्ज्वल करेंगे।