सीतापुर। जिले में कोरोना का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को आई रिपोर्ट में 64 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। कोरोना से सबसे प्रभावित एपीटीसी में 45 पुलिसकर्मी पॉजिटिव मिले हैं। इसके अलावा शहर, सिधौली, महमूदाबाद, लहरपुर, मछरेहटा, सदरपुर इलाके में संक्रमित मरीज मिले हैं। रेउसा थाने का एक पुलिसकर्मी भी पॉजिटिव आया हैं। मरीजों को कोविड-19 हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया हैं। जिले में अब कोरोना मरीजों की संख्या 595 पहुंच गई है।
जिले में कोरोना तेजी से बढ़ता जा रहा हैं। एसीएमओ डॉ. उदय प्रताप ने बताया कि गुरुवार को एपीटीसी में 45 पुलिसकर्मी पॉजिटिव आए हैं, जिसमें एपीटीसी के 38 कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा शहर के मुंशीगंज इलाके के दो युवक, बीडीओ कार्यालय एलिया का एक कर्मचारी, रेउसा का एक वृद्ध व एक महिला, सदरपुर इलाके की एक महिला, गांधीनगर लहरपुर का एक युवक, फत्तनसरायं मुंशीगंज का एक वृद्ध, सत्तेपुरवा का एक युवक, विवेकनगर सिधौली के दो युवक पॉजिटिव मिले हैं।
वहीं सीतापुर के एक अधेड़, एक युवक, एक महिला, एक वृद्ध भी पॉजिटिव आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम इन मरीजों का पता लगा रही है। जांच रिपोर्ट में इनके पते अधूरे पड़े हुए हैं। इनकी स्कैनिंग की जा रही हैं। वहीं रेउसा थाने का एक और पुलिसकर्मी कोरोना की चपेट में आ गया है। मछरेहटा के भैसेपारा निवासी एक व्यक्ति कोरोना की चपेट में आ गया है। इनका इलाज पीजीआई में चल रहा था। वहां से आई जांच रिपोर्ट में यह संक्रमित मिले हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. कमलेश ने बताया कि पूरे गांव को सैनिटाइजेशन का काम शुरू हो गया हैं। इन मरीजों के साथ जिले में अब पॉजिटिव मरीजों की संख्या 531 से बढ़कर 595 पर पहुंच गई है। वहीं दो मरीजों की कोरोना से मौत हो चुकी है।